लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
सीवान/दरौंदा। प्रखंड के रसूलपुर गांव के निवासी एवं किसान परिवार से आने वाले अनूप कुमार कुशवाहा ने बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) परीक्षा में 257वीं रैंक हासिल कर अपने गांव, प्रखंड और जिले का नाम रोशन किया है। उनकी इस सफलता से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है तथा परिजनों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई दी है।
रसूलपुर निवासी सुदर्शन प्रसाद एवं सीता देवी के पुत्र अनूप कुमार कुशवाहा ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा गांव में ही पूरी की। इसके बाद उन्होंने दिल्ली से बीटेक की पढ़ाई पूरी की। इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल करने के बाद वे वापस अपने गांव लौट आए और घर पर रहकर ही बीपीएससी परीक्षा की तैयारी शुरू कर दी।
अनूप ने बताया कि सफलता का यह सफर आसान नहीं था। तीसरे प्रयास में वे इंटरव्यू तक पहुंचे, लेकिन अंतिम चयन नहीं हो सका। इसके बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और लगातार मेहनत जारी रखी। चौथे प्रयास में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए 257वीं रैंक प्राप्त की। इस सफलता के बाद उनका चयन अंचलाधिकारी (सीओ) पद के लिए हुआ है।
दो भाइयों और छह बहनों में सबसे छोटे अनूप कुमार कुशवाहा ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के आशीर्वाद, परिवार के सहयोग और निरंतर मेहनत को दिया। उन्होंने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि किसी भी लक्ष्य को हासिल करने के लिए आत्मविश्वास सबसे महत्वपूर्ण होता है। यदि व्यक्ति अपने ऊपर विश्वास रखे और निरंतर प्रयास करता रहे, तो सफलता अवश्य मिलती है।
अनूप की उपलब्धि से रसूलपुर गांव सहित पूरे दरौंदा क्षेत्र में गौरव और उत्साह का माहौल है। ग्रामीणों ने इसे क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक सफलता बताया है।






