लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
सिवान : दारौंदा एनएच-531 स्थित दरौंदा बाजार में बुधवार को प्रशासन ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाकर सड़क किनारे राष्ट्रीय राजमार्ग की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। यह कार्रवाई सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के आलोक में की गई। अभियान के दौरान कई दुकानदारों ने विरोध जताते हुए आरोप लगाया कि उन्हें पूर्व में कोई नोटिस नहीं मिला है और बिना सूचना दिए दुकानों को हटाया जा रहा है।
विरोध के बीच प्रशासन ने सूझबूझ का परिचय देते हुए कुछ मामलों में स्थिति स्पष्ट होने तक कार्रवाई रोक दी, जबकि अन्य अतिक्रमित हिस्सों को हटाकर एनएच की भूमि खाली कराई गई। अभियान के दौरान बाजार क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरातफरी का माहौल बना रहा।
अंचलाधिकारी (सीओ) वेद प्रकाश नारायण ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के तहत राष्ट्रीय राजमार्ग की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एनएच की जमीन पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण स्वीकार्य नहीं है। साथ ही सड़क किनारे वाहनों की पार्किंग भी अवैध मानी जाएगी। वाहन चालकों को निर्धारित पार्किंग जोन में ही वाहन खड़ा करने का निर्देश दिया गया है।
अतिक्रमण हटाने के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह के नेतृत्व में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासन ने लोगों से सड़क और राजमार्ग की भूमि पर अतिक्रमण नहीं करने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।







