स्टेट डेस्क, नीतीश कुमार।
बिहार की राजधानी पटना समेत 15 जिलों में मंगलवार को हुई झमाझम बारिश ने उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत पहुंचाई। मौसम विभाग ने बुधवार को अररिया, भभुआ, किशनगंज, मधुबनी और सुपौल जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
प्रदेश में मानसून की सक्रियता बढ़ने के साथ कई जगहों पर अच्छी बारिश दर्ज की गई। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार पटना में 7.1 मिलीमीटर वर्षा हुई, जबकि भभुआ के अधवारा में सबसे ज्यादा 57.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
तापमान में गिरावट, आगे बढ़ने की संभावना
बारिश के कारण पटना समेत 22 जिलों के तापमान में गिरावट आई। पटना का अधिकतम तापमान 31.9 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने अगले चार-पांच दिनों में तापमान में दो से तीन डिग्री की बढ़ोतरी की संभावना जताई है। छत्तीसगढ़, झारखंड और पश्चिम बंगाल के ऊपर बने निम्न दबाव क्षेत्र के कारण मौसम में बदलाव जारी रहेगा। अगले दो-तीन दिनों में प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है।
अन्य जिलों में बारिश की स्थिति
गयाजी के गुरारू में 48.8 मिलीमीटर, भभुआ के भगवानपुर में 48.2 मिलीमीटर, रोहतास के तिलौथू में 46.4 मिलीमीटर और सिवान के रघुनाथपुर में 45.2 मिलीमीटर बारिश हुई। मुजफ्फरपुर, औरंगाबाद, मधेपुरा सहित कई जिलों में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई। राजधानी पटना में हवा की रफ्तार 52 किलोमीटर प्रति घंटा रही, जिससे मौसम सुहावना बना रहा।







