स्टेट डेस्क, श्वेता प्रिया
बिहार के समस्तीपुर जिले में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। स्कूल जा रही 15 वर्षीय छात्रा की अज्ञात बाइक सवार बदमाश ने बीच सड़क पर गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। शुरुआती जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान सोनम कुमारी (15) के रूप में हुई है, जो पूसा कस्तूरबा विद्यालय की छात्रा थी। घटना की जानकारी स्थानीय रिपोर्टों और वायरल वीडियो के आधार पर सामने आई है; पुलिस की विस्तृत आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह सोनम साइकिल से स्कूल जा रही थी। जैसे ही वह मरंगा के पास पहुंची, एक पल्सर बाइक सवार युवक ने पहले उसे ओवरटेक किया। कुछ दूरी आगे जाकर उसने बाइक घुमाई और छात्रा पर ताबड़तोड़ चार गोलियां चला दीं। गोलियां गर्दन और सीने में लगने से सोनम की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और हमलावर की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और सभी पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है।







