लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
सीवान : दरौंदा थाना क्षेत्र के रानीबाड़ी मठिया गांव में पुलिस ने चोरी की दो मोटरसाइकिल बरामद करते हुए एक युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इस मामले में एक अन्य व्यक्ति को भी आरोपित बनाया गया है।
थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह के स्वलिखित बयान के अनुसार, गुरुवार की संध्या गुप्त सूचना मिली कि रानीबाड़ी मठिया गांव स्थित राजन कुमार गिरि के घर पर चोरी की पैशन प्रो एवं अपाची मोटरसाइकिल रखी गई है। सूचना के सत्यापन के लिए पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो एक युवक पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस बल की सहायता से उसे पकड़ लिया गया।
पूछताछ में युवक ने अपनी पहचान राजन कुमार गिरि उर्फ कल्लू के रूप में बताई। पुलिस द्वारा बरामद मोटरसाइकिलों के कागजात मांगे जाने पर वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद दोनों मोटरसाइकिलों को जब्त कर युवक को थाना लाया गया।
पूछताछ के दौरान राजन कुमार गिरि ने बताया कि उसने उक्त गाड़ियां वैदापुर बिशनपुरा गांव निवासी मुनचुन सिंह से खरीदी थीं। मामले की जांच के बाद पुलिस ने मुनचुन सिंह को भी आरोपित बनाते हुए दरौंदा थाना कांड संख्या 259/26 दर्ज किया है। गिरफ्तार राजन कुमार गिरि को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि दूसरे आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस कार्रवाई कर रही है।







