लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
सीवान : गोरेयाकोठी प्रखंड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बुधवार को अग्निशमन विभाग के पदाधिकारियों एवं कर्मियों द्वारा अग्नि सुरक्षा संबंधी जांच एवं निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों, आपातकालीन निकास मार्गों तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया।
अधिकारियों ने अस्पताल कर्मियों को आग लगने की स्थिति में अपनाई जाने वाली सावधानियों एवं सुरक्षा उपायों की जानकारी दी। साथ ही अग्निशमन यंत्रों के सही उपयोग एवं रखरखाव के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। इस अवसर पर अग्निशमन विभाग के कर्मचारी पपूंजय कुमार सहित अन्य कर्मी उपस्थित रहे। निरीक्षण का उद्देश्य अस्पताल में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाना तथा किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने की तैयारियों का आकलन करना था।







