एंटरटेनमेंट डेस्क, मुस्कान कुमारी।
अभिनेता और सांसद रवि किशन ने प्राइम वीडियो के रियलिटी शो अलायंस में अपनी बेटी रिव्वा किशन के साथ हिस्सा लिया। मात्र छह दिन बाद काम की व्यस्तता के चलते उन्होंने वॉलंटरी एग्जिट लिया, लेकिन इस छोटे से सफर ने पिता-पुत्री के रिश्ते को और गहरा बना दिया।
रवि किशन ने खुलकर बताया कि उन्होंने शो सिर्फ अपनी बेटी रिव्वा के अनुरोध पर जॉइन किया। रिव्वा ने पिता को साथ देने के लिए मनाया। उन्होंने कहा, “मैं संसद सदस्य हूं और 34 साल की फिल्मी जिंदगी के बाद करियर अच्छा चल रहा है। मैं हमेशा डरता रहता हूं कि कहीं मेरे मुंह से कुछ गलत न निकल जाए।” फिर भी बेटी की खुशी के लिए उन्होंने सब दांव पर लगा दिया।
शो के दौरान पिता-पुत्री को अलग कर दिया गया, जिससे दोनों को भावुक पल आए। रवि ने बताया कि ग्लास के कमरे से बेटी को देखकर उनकी आंखें नम हो गईं। “मेरी बेटी कह रही थी कि मेरी ताकत चली गई।” उन्होंने कहा कि इस शो ने उन्हें अपनी बेटी को और गहराई से समझने का मौका दिया। रिव्वा ने भी पिता के अंदर के बच्चे को देखा, जो व्यस्त और तनावपूर्ण जीवन के बावजूद जिंदा है।
अलायंस दूसरा कोई शो नहीं
रवि किशन ने अलायंस को अन्य रियलिटी शोज से बिल्कुल अलग बताया। “यहां गाली-गलौज, बैकबिटिंग या चारेक्टर असासिनेशन से नहीं टिक सकते। हर पांच-दस मिनट में अपने ही अलायंस से छुरा खाना पड़ता है। यह पूरी तरह मेंटल गेम है।” शो डच मूल का है और यहां पहली बार आया है। इसमें पब्लिक वोट नहीं है। हर शाम प्लानिंग करनी पड़ती है और पॉइंट्स के खेल में ₹50 लाख की राशि दांव पर है।
उन्होंने शो में मौजूद अन्य खिलाड़ियों की भी तारीफ की। मिनी माथुर और निखिल चिनापा को स्ट्रॉन्ग हेडेड बताया। अर्सलान गोनी ने सामान स्टोर कर शो में पूरा समर्पण दिखाया। कुशल टंडन को रियलिटी एक्सपीरियंस की वजह से टफ कॉम्पिटिटर माना। पयाल और दिलबर आर्य की ताकत का भी जिक्र किया। रवि ने फाइनलिस्ट के रूप में दिलबर आर्य, मिनी माथुर और अपनी बेटी रिव्वा को देखा। महिलाओं की ताकत को खासतौर पर सराहा।
बेटी के साथ निकले अनमोल पल
शो में मोबाइल नहीं था, सिर्फ बेटी को देखने का समय था। रवि ने कहा, “मेरी बेटी ने हमेशा मुझे संघर्ष करते देखा है। रिजेक्शन, अपमान और मुश्किलें देखी हैं। लेकिन यहां उसने पिता को बच्चे की तरह नाचते देखा। हर बेटी अपने पिता को खुश देखना चाहती है।” इस अनुभव ने पूरे देश की परिवारों को छू लिया।
रवि किशन ने पहले बेटी को शो न करने की सलाह दी थी। उन्होंने कहा, “अगर सिनेमा में आना है तो मैं फिल्म प्रोड्यूस कर दूंगा।” लेकिन रिव्वा का फैसला सही साबित हुआ। शो ने रिव्वा को नई पहचान दी। लोग अब उन्हें जानने लगे हैं। रवि ने भगवान का शुक्रिया अदा किया कि वह बिना किसी विवाद या मीम्स के शो से निकल आए।
उन्होंने देशवासियों से रिव्वा के लिए आशीर्वाद और प्यार मांगा। कहा कि रिव्वा अब तक शेल में रही है और डिफेंसिव स्वभाव की है। हर व्यक्ति का अपना व्यक्तित्व होना चाहिए।
रवि किशन ने बिग बॉस से तुलना करते हुए कहा कि इस उम्र में उनका इन्नर चाइल्ड फिर बाहर आया। शो में कोई कुकिंग या कपड़े धोने का काम नहीं था, सिर्फ माइंड गेम्स। हर किसी की नजर दूसरों के छुरे पर रहती थी कि कौन पहले धोखा देगा।
शो ने पिता- बेटी के रिश्ते को और मजबूत किया। रिव्वा ने पिता को और इंटेंस तरीके से जाना। दोनों के रियल और गहरे लगाव ने दर्शकों को प्रभावित किया। यह पहला मौका था जब पिता-बेटी इस तरह साथ शो में दिखे।







