लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
सीवान/दारौंदा : जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत मकान गणना का कार्य पूरा होने के बाद अब प्रगणकों को आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। शुक्रवार से दारौंदा प्रखंड कार्यालय में सुपरवाइजरों के माध्यम से जनगणना किट का वितरण आरंभ हुआ। पहले चरण में सर्किल संख्या 1 से 10 तक के सुपरवाइजरों को उनके अधीन कार्यरत प्रगणकों के लिए किट उपलब्ध कराई गई।
प्रखंड प्रशासन के अनुसार शेष सुपरवाइजरों को भी चरणबद्ध तरीके से सूचना देकर जनगणना किट उपलब्ध कराई जाएगी। दारौंदा प्रखंड की 17 पंचायतों में जनगणना कार्य के लिए कुल 326 प्रगणक एवं सुपरवाइजर प्रतिनियुक्त किए गए हैं।
जनगणना किट में बैग (थैली), मार्कर, पेन, नोटबुक तथा गणना कार्य में उपयोग होने वाली अन्य आवश्यक सामग्री शामिल है। इन सामग्रियों से आगामी जनगणना कार्य को अधिक व्यवस्थित, सुगम एवं प्रभावी ढंग से संपन्न कराने में सहायता मिलेगी।
चार्ज पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी ने बताया कि सभी सुपरवाइजर निर्धारित समय पर प्रखंड कार्यालय पहुंचकर किट प्राप्त करें तथा अपने-अपने क्षेत्र के प्रगणकों के बीच उसका शीघ्र वितरण सुनिश्चित करें, ताकि जनगणना के आगामी चरण समयबद्ध तरीके से पूरे किए जा सकें।






