लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
सीवान/दरौंदा। दरौंदा बाजार के समीप एक युवती के साथ चार युवकों द्वारा कथित सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए भेज दिया है। वहीं, मामले की वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए।
थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह ने बताया कि एक युवती ने थाना पहुंचकर चार लोगों पर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए आवेदन दिया है। पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है। मेडिकल जांच रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्य और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।






