लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
सीवान। जिले के पकवालिया गांव स्थित दहा नदी से एक अज्ञात युवक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना के बाद आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
जानकारी के अनुसार, नदी किनारे मवेशी चरा रहे चरवाहों की नजर सबसे पहले शव पर पड़ी। उन्होंने इसकी सूचना स्थानीय लोगों को दी, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलते ही पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को मृत युवक की पहचान के संबंध में कोई जानकारी हो तो निकटतम थाना को सूचित करें, ताकि शव की पहचान कर परिजनों तक सूचना पहुंचाई जा सके।







