नेशनल डेस्क ,श्वेता प्रिया।
ढाका। बांग्लादेश की राजधानी ढाका में हुए दर्दनाक विमान हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 31 हो गई है। मृतकों में 28 छात्र, 2 स्कूल स्टाफ और विमान का पायलट शामिल हैं। हादसे में 165 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनमें 78 की हालत गंभीर बताई जा रही है।
यह हादसा 21 जुलाई को ढाका के उत्तरा इलाके स्थित माइलस्टोन स्कूल एंड कॉलेज में हुआ। बांग्लादेश वायुसेना का F-7 BGI प्रशिक्षण विमान उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद तकनीकी खराबी का शिकार हो गया। प्रारंभिक जांच के अनुसार, पायलट ने विमान को आबादी वाले इलाके से दूर ले जाने की पूरी कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सका और विमान स्कूल परिसर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
हादसे के बाद स्कूल में भीषण आग लग गई, जिससे कई छात्र और कर्मचारी इसकी चपेट में आ गए। बचाव दल ने तुरंत राहत अभियान शुरू किया और घायलों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया।
इस बीच, भारत ने घायलों के इलाज में मदद के लिए बर्न (जलने के घाव) विशेषज्ञ डॉक्टरों और मेडिकल टीम को बांग्लादेश भेजने का फैसला किया है। भारत ने जरूरत पड़ने पर हरसंभव चिकित्सा सहायता देने का भी आश्वासन दिया है।






