लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
सीवान। रेल सुरक्षा बल एवं जीआरपी की संयुक्त कार्रवाई में मौर्या एक्सप्रेस से एक महिला शराब तस्कर को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 11 लीटर देशी शराब बरामद की गई है। बरामद शराब की कुल कीमत 3,025 रुपये बताई गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार को वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त वाराणसी के निर्देशन तथा प्रभारी निरीक्षक सीवान सुबाष चंद्र यादव के पर्यवेक्षण में ट्रेन स्कॉर्ट कंपनी गोरखपुर पूर्व और सीपीडीएस टीम द्वारा ट्रेनों में आपराधिक गतिविधियों की निगरानी की जा रही थी। इसी दौरान गाड़ी संख्या 15028 गोरखपुर-सम्बलपुर मौर्या एक्सप्रेस के कोच एस-2 में एक महिला संदिग्ध अवस्था में मिली।
जांच के दौरान महिला के हाथ में लिए प्लास्टिक के झोले तथा शरीर में छिपाकर रखी गई कुल 55 बोतल देशी शराब बरामद की गई। इसमें 10 बोतल रोमियो राजा लाइम तथा 45 बोतल बंटी बबली लाइम देशी शराब शामिल है। सभी बोतलें 200-200 एमएल की थीं। बरामद शराब की कुल मात्रा 11 लीटर आंकी गई है।
गिरफ्तार महिला की पहचान नर्मदा देवी (58 वर्ष), पति मदन, निवासी नौतन अहीर टोली, थाना नौतन, जिला सीवान के रूप में हुई है।
इस मामले में जीआरपी सीवान द्वारा बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद (संशोधित) अधिनियम की धारा 30(ए) के तहत मुकदमा अपराध संख्या 102/26 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
कार्रवाई में सीपीडीएस टीम के उपनिरीक्षक शैलेन्द्र कुमार पाण्डेय, कांस्टेबल विजय कुमार यादव, बलवीर सिंह यादव तथा ट्रेन स्कॉर्ट कंपनी गोरखपुर पूर्व के हेड कांस्टेबल कृष्ण कुमार सिंह, कांस्टेबल शैलेश कुमार यादव एवं महिला सिपाही नंदिनी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।







