लोकल डेस्क, रवि शंकर मिश्रा ।
- एक बेटा बना B.D.O तो दुसरा State Tax Commissioner
रामगढ़वा । बिहार के मोतिहारी जिला स्थित रामगढ़वा प्रखंड के अहरौलिया गांव में उस समय खुशी की लहर दौड़ गई, जब गांव के निवासी एवं शिक्षक गोपाल जी मिश्रा के दोनों बेटों ने एक साथ बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया। उनके दोनों बेटों ने इस प्रतिष्ठित परीक्षा में एक साथ सफलता हासिल कर न सिर्फ अपने परिवार बल्कि पूरे गांव और जिले का नाम रोशन किया है। एक बेटा दिलजीत मिश्रा का चयन प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) के पद पर हुआ है, जबकि दुसरा बेटा विवेक मिश्रा ने स्टेट टैक्स विभाग में असिस्टेंट कमिश्नर के पद पर सफलता हासिल की है।
साधारण परिवार से आने वाले दोनों भाइयों ने यह साबित कर दिया है कि सीमित संसाधन कभी भी सफलता की राह में बाधा नहीं बनते, यदि इंसान में मेहनत, लगन और लक्ष्य के प्रति समर्पण हो। परिवार के करीबी लोगों के अनुसार दोनों भाई बचपन से ही पढ़ाई में बेहद होनहार और अनुशासित रहे हैं। दिलजीत मिश्रा लंबे समय से मोतिहारी फिर पटना में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे और लगातार अपने लक्ष्य को पाने के लिए मेहनत कर रहे थे। वहीं विवेक मिश्रा पहले से इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे, लेकिन नौकरी की व्यस्तताओं के बावजूद उन्होंने पढ़ाई जारी रखी और अपने संकल्प के दम पर यह मुकाम हासिल किया।
दोनों बेटों की इस उपलब्धि से पिता गोपाल जी मिश्रा बेहद भावुक और गर्व महसूस कर रहे हैं। गांव में लोग उनके घर पहुंचकर बधाई दे रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सफलता पूरे क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा है और यह बताती है कि कठिन परिश्रम और निरंतर प्रयास से किसी भी बड़े लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। अहरौलिया गांव के लिए यह उपलब्धि किसी गौरवपूर्ण उत्सव से कम नहीं है । बताते चलें कि अभी हाल हीं में दिलजीत के चाचा श्री लालसाहेब मिश्रा के छोटे पुत्र सूरज मिश्रा का भी चयन भारतीय रेल में स्टेशन मास्टर के पद पर हुई है । इस ख़ास मौक़े पर उनके चाचा शिक्षक अजय मिश्र, भाई प्रिंस मिश्रा, चंदन मिश्रा ने खुशी जताई है ।







