लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
सीवान/दारौंदा : आगामी मुहर्रम पर्व एवं जुलूस को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर सोमवार को दारौंदा प्रखंड कार्यालय में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अंचलाधिकारी (सीओ) वेद प्रकाश नारायण एवं दारौंदा थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से की।
बैठक में विभिन्न समुदायों के लोगों, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया तथा आपसी भाईचारे, सामाजिक सौहार्द और शांति व्यवस्था बनाए रखने पर बल दिया। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने मुहर्रम जुलूस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था एवं आवश्यक तैयारियों की जानकारी दी।
थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह ने बताया कि मुहर्रम के अवसर पर सभी संवेदनशील स्थलों पर मजिस्ट्रेट एवं पुलिस बल की तैनाती की जाएगी, ताकि किसी भी अप्रिय एवं आपातकालीन स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके। उन्होंने कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों में उड़नदस्ता टीम द्वारा लगातार गश्त की जाएगी तथा असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। शांति भंग करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में उपस्थित लोगों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने, शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों से दूर रहने की अपील की। वक्ताओं ने कहा कि मुहर्रम त्याग, बलिदान और मानवता का संदेश देता है तथा सभी लोगों के सहयोग से इस पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाया जाएगा।
बैठक में जुलूस के निर्धारित मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक तैयारियों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर सीओ वेद प्रकाश नारायण, थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह, पूर्व जिला पार्षद बीरेन्द्र शर्मा, सुरेंद्र राय, उप प्रमुख हरेश यादव, मुखिया मंसूर अंसारी, नईमुल हक सिद्दीकी, अशोक सिंह, मो. अली, इरफान अंसारी, राहुल तिवारी, संजय यादव, मो. कासिम, हाशिम अंसारी, अयूब अंसारी, दिनेश कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।







